मधुबनी, 23 अगस्त (आशीष यादव) जिले के बेनीपट्टी थाना क्षेत्र के सरसिब गांव में रविवार तड़के करीब तीन बजे हथियारबंद बदमाशों ने एक किसान के घर में घुसकर डकैती की वारदात को अंजाम दिया। चार की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने 60 वर्षीय फूलदाई देवी को बंधक बनाकर बेरहमी से मारपीट की और घर में करीब आधे घंटे तक लूटपाट की। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। घायल फूलदाई देवी के अनुसार, उनके पति शिवचंद्र झा छत पर बने कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान चार बदमाश छत की सीढ़ियों के रास्ते घर में दाखिल हुए।

महिला कुछ समझ पातीं, इससे पहले अपराधियों ने उन्हें पकड़ लिया और मारपीट करते हुए उनके हाथ-पैर बांध दिए। बदमाशों में दो के पास पिस्तौल और दो के हाथ में लोहे की रॉड थी। हथियारों का भय दिखाकर अपराधियों ने घर में रखे आभूषण और करीब चार हजार रुपये नकद लूट लिए। बताया गया कि घटना के समय शिवचंद्र झा की बेटी चंदा भी छत पर बने दूसरे कमरे में सोई हुई थी। वह करीब आठ माह पहले शादी के बाद मधुश्रवणी पर्व को लेकर मायके आई थी। उसके साथ एक बच्चा भी था। वारदात के दौरान परिवार के लोग भय के कारण कुछ नहीं कर सके। बदमाशों के फरार होने के बाद घर में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना ग्रामीण ओम प्रकाश ने डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही ग्रामीण एसपी शिवम धाकड़, डीएसपी अंकुर कुमार समेत पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। घायल फूलदाई देवी को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए। पीड़ित पक्ष की ओर से प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है। पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।


















