
समस्तीपुर, 18 अगस्त (हर्षिता “अश्क”) प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए समस्तीपुर जिला प्रशासन ने बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। मंगलवार को जिलाधिकारी ने प्रचार-प्रसार वाहन एवं जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह वाहन जिले के विभिन्न प्रखंडों और पंचायतों में जाकर लोगों को योजना की जानकारी, पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और मिलने वाली सब्सिडी के बारे में जागरूक करेगा।योजना के तहत घरेलू उपभोक्ताओं को 3 किलोवाट तक के रूफटॉप सोलर संयंत्र लगाने पर केंद्र सरकार की ओर से अधिकतम 78 हजार रुपये तक की सब्सिडी मिलेगी। इसके अलावा बिहार सरकार भी अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।
राज्य सरकार 1 किलोवाट क्षमता पर 10 हजार रुपये तथा अतिरिक्त 1 किलोवाट पर 10 हजार रुपये यानी अधिकतम 20 हजार रुपये का अतिरिक्त अनुदान दे रही है। इस प्रकार पात्र उपभोक्ताओं को केंद्र और राज्य सरकार से मिलाकर करीब 98 हजार रुपये (लगभग एक लाख रुपये) तक की सहायता उपलब्ध होगी।जिलाधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने घरों की छत पर सोलर संयंत्र लगाकर बिजली खर्च में कमी लाने के साथ स्वच्छ एवं हरित ऊर्जा को बढ़ावा दें। उन्होंने बताया कि यह योजना 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेगी, इसलिए इच्छुक उपभोक्ता समय रहते आवेदन करें। इधर, ऊर्जा विभाग के निर्देश पर 17 अगस्त से 22 अगस्त 2026 तक जिले में विद्युत विपत्र (बिजली बिल) सुधार विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।

इसके तहत सभी प्रखंडों, विद्युत आपूर्ति अवर प्रमंडल, प्रमंडल तथा सेक्शन कार्यालयों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में गलत मीटर रीडिंग, अधिक बिजली बिल, बिल में त्रुटि अथवा अन्य शिकायतों से संबंधित आवेदन लिए जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त आवेदनों का त्वरित सत्यापन कर नियमानुसार शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि उपभोक्ताओं को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जिला प्रशासन और विद्युत विभाग ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि यदि उनके बिजली बिल में किसी प्रकार की त्रुटि है तो निर्धारित अवधि में शिविर में पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान कराएं और सरकार की दोनों महत्वपूर्ण योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं।














