पटना, 18 अगस्त (पटना डेस्क) नगर पंचायत रुपौली क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गिद्धा में राष्ट्रीय ध्वज (तिरंगा) के सम्मान से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आने के बाद शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है। आरोप है कि स्वतंत्रता दिवस समारोह के बाद भी 17 अगस्त की सुबह तक विद्यालय परिसर में तिरंगा पोल पर फहराता रहा, जिससे राष्ट्रीय ध्वज संहिता के उल्लंघन का मामला खड़ा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई और पूरे मामले की शिकायत प्रशासन से की गई है। वार्ड संख्या 9 निवासी मिथुन कुमार, पिता डोमन राय, ने पूर्णिया के जिलाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को साक्ष्य सहित ईमेल के माध्यम से लिखित शिकायत भेजी है।

शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 15 अगस्त को सूर्यास्त से पहले राष्ट्रीय ध्वज को पूरे सम्मान के साथ उतारना अनिवार्य है, लेकिन विद्यालय प्रबंधन ने ऐसा नहीं किया। ग्रामीणों का दावा है कि 16 अगस्त और 17 अगस्त की सुबह तक भी तिरंगा पोल पर फहराता रहा। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि तिरंगा पोल के शीर्ष पर नहीं, बल्कि बीच में आधा झुका हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों का कहना है कि आधा झुका तिरंगा केवल राष्ट्रीय शोक के अवसर पर ही नियमानुसार फहराया जाता है। ऐसे में यह घटना राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ गंभीर लापरवाही का मामला प्रतीत होती है। हालांकि विद्यालय के प्रधानाध्यापक उज्ज्वल कुमार साह ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है।

उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को निर्धारित समय पर उन्होंने सम्मानपूर्वक तिरंगा उतार लिया था। उनके अनुसार विद्यालय में शिक्षकों के बीच चल रहे आपसी विवाद के कारण किसी ने उन्हें फंसाने की नीयत से बाद में दोबारा झंडा पोल पर लगा दिया। उन्होंने इसे सुनियोजित साजिश करार दिया। इधर, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी धनंजय कुमार ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।













