बक्सर, 08 जून (विक्रांत) जिला प्रशासन की कार्यशैली में तेजी लाने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन को लेकर सोमवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में जिला समन्वय समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को कई कड़े निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने सभी जिलास्तरीय, अनुमंडल स्तरीय एवं प्रखंड स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार आयोजित होने वाले सहयोग शिविरों में आमजनों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। भीषण गर्मी को देखते हुए शिविरों में शीतल पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था और स्वच्छ शौचालय उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।डीएम ने सभी विभागों के नोडल अधिकारियों को अपनी योजनाओं से संबंधित हैंडबिल वितरित करने तथा शिविर स्थलों पर फ्लेक्स और बैनर लगाने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर सकें।

भूमि संबंधित मामलों की समीक्षा के दौरान परिमार्जन एवं डिजिटाइजेशन से जुड़े लंबित मामलों पर नाराजगी व्यक्त की गई। सभी अंचल अधिकारियों तथा भूमि सुधार उप समाहर्ता बक्सर और डुमरांव को एक सप्ताह के भीतर लंबित मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं सरकारी भूमि पर अतिक्रमण से जुड़े मामलों के शत-प्रतिशत निपटारे का भी आदेश दिया गया।दाखिल-खारिज के 75 दिनों से अधिक पुराने लंबित मामलों को अविलंब निष्पादित करने का निर्देश देते हुए डीएम ने नियमित अनुश्रवण पर बल दिया।

ई-मापी कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर जिले के सभी अंचल अधिकारियों से कारण पृच्छा करने का निर्देश दिया गया।बैठक में न्यायालय से संबंधित CWJC एवं MJC मामलों की समीक्षा करते हुए समय पर तथ्य विवरणी तैयार करने का आदेश दिया गया। साथ ही सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रखंड स्तरीय समन्वय समिति की बैठक कर प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।जिले की महत्वपूर्ण बैठक से अनुपस्थित रहने पर चौगाई के अंचलाधिकारी एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी तथा राजपुर के राजस्व अधिकारी से स्पष्टीकरण मांगने का निर्देश दिया गया। डीएम ने पंचायत स्तर पर सफलता की कहानियों और योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से आमजनों को जागरूक करने पर भी विशेष जोर दिया।














