दिल्ली, 10 अप्रैल (अशोक “अश्क”) बिहार की राजनीति में बड़ा उलटफेर तय माना जा रहा है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज शुक्रवार को दिल्ली में राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। वे गुरुवार को राजधानी पहुंच चुके हैं, जहां संजय कुमार झा समेत जदयू नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। दिल्ली एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में नीतीश कुमार ने साफ कहा, “मैं यहां शपथ लेने आया हूं।” जानकारी के मुताबिक, शपथ ग्रहण राज्यसभा के सभापति सी.पी. राधाकृष्णन के कक्ष में होगा।

राजनीतिक सूत्रों की मानें तो शपथ के बाद बिहार में सत्ता परिवर्तन की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। नीतीश कुमार ने संकेत दिया कि वे तीन-चार दिनों में बिहार लौटकर नई व्यवस्था लागू करेंगे। माना जा रहा है कि 13 अप्रैल के बाद वे मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। गौरतलब है कि नीतीश कुमार 16 मार्च को राज्यसभा चुनाव जीत चुके हैं। वर्तमान में वे विधान परिषद के सदस्य हैं, लेकिन नियमों के अनुसार संसद सदस्य बनने के 14 दिनों के भीतर उन्हें विधानमंडल से इस्तीफा देना होगा।

ऐसे में मुख्यमंत्री पद छोड़ना भी तय माना जा रहा है। इधर, उनके दिल्ली जाने के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के भीतर नए मुख्यमंत्री को लेकर चर्चाएं तेज हैं। सूत्रों के अनुसार, 14 या 15 अप्रैल को होने वाली बैठक में नए नेता के नाम पर मुहर लग सकती है। लंबे समय से राज्य की राजनीति के केंद्र में रहे नीतीश कुमार अब केंद्र की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे बिहार में नई राजनीतिक पारी की शुरुआत तय मानी जा रही है।















