मुजफ्फरपुर, 25 नवंबर (संतोष गुप्ता) अहियापुर थाना क्षेत्र में रहस्यमय परिस्थितियों में शव मिलने का सिलसिला पुलिस के लिए नई चुनौती बनता जा रहा है। बुधवार की सुबह बाजार समिति के मुख्य गेट के समीप एक ठेले पर करीब 50 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। महज दो दिन पहले संत प्रेम भिक्षु कॉलेज के पास एक महिला का शव बरामद हुआ था। लगातार दो घटनाओं से स्थानीय लोगों में भय और कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह दुकानदार जब अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो उनकी नजर ठेले पर सोए एक व्यक्ति पर पड़ी। पहली नजर में लोगों को लगा कि वह सो रहा है, लेकिन काफी नजदीक जाने पर भी कोई हलचल नहीं दिखी। जांच करने पर सांस नहीं चलने की आशंका हुई।

इसके बाद तत्काल अहियापुर पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल और ठेले के आसपास से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया। हैरानी की बात यह है कि दो दिन पहले मिले महिला के शव की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं थी कि दूसरी घटना सामने आ गई। दोनों मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। पुलिस ने आसपास के थानों को मृतक की तस्वीर भेजकर पहचान कराने की पहल की है।

थानाध्यक्ष मुन्ना कुमार गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। स्थानीय लोगों से पूछताछ में ठंड या हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस दोनों मामलों की अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है।













