लखीसराय, 25 नवंबर (नवीन सिंह) मंगलवार का दिन जिले के लिए बेहद दर्दनाक साबित हुआ। तेतरहाट थाना क्षेत्र के गुणसागर के समीप हुए भीषण सड़क हादसे ने नौ परिवारों की खुशियां छीन लीं। स्कॉर्पियो और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी लोग पूर्वी चंपारण के मोतिहारी से कार्तिक पूर्णिमा पर पूजा-अर्चना के लिए देवघर जा रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।इस हादसे की सबसे मार्मिक तस्वीर शेखर गुप्ता की है, जिसकी शादी आगामी 12 दिसंबर को चकिया में होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और परिवार उत्सव की खुशियों में डूबा था। लेकिन सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। शेखर की हालत गंभीर बनी हुई है। उसके सिर समेत शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं।

उसकी बहन स्वीटी भी जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।मोतिहारी से पहुंचे शेखर के चाचा नंदकिशोर प्रसाद और चाची बेबी देवी ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर देवघर जाने के लिए पहले ट्रेन से यात्रा की योजना थी, लेकिन बाद में शेखर ने किराये पर स्कॉर्पियो बुक कर ली। वह अपनी मां सुनीता उर्फ मीना देवी, दो बहनों, बहनोई राकेश गुप्ता और अन्य लोगों के साथ सोमवार देर रात रवाना हुआ था। हादसे में उसकी मां, बहन पल्लवी देवी और बहनोई राकेश गुप्ता की मौत हो गई। शेखर ढाका थाना के सामने रंग-पेंट की दुकान चलाता है और अपने स्टाफ मुन्ना कुमार को भी यात्रा पर साथ ले गया था। घटना की जानकारी मिलने पर ढाका विधायक पवन जायसवाल ने कबैया थानाध्यक्ष अमित कुमार से बातचीत कर हालात की जानकारी ली।

उधर, हादसे के बाद तेतरहाट थानाध्यक्ष ईलू उपाध्याय, कबैया थानाध्यक्ष अमित कुमार, ट्रैफिक डीएसपी अजय कुमार सहित पुलिस और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी सदर अस्पताल में डटे रहे। डीपीएम सुधांशु नारायण लाल समेत अधिकारियों की देखरेख में शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा गया, जबकि मृतकों के शव मोतिहारी भेज दिए गए।













