मधुबनी, 19 जुलाई (आशीष यादव) बाबूबरही थाना क्षेत्र में पशु व्यवसायी से हुई लाखों रुपये की लूट का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस सनसनीखेज वारदात में शामिल चार अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.70 लाख रुपये नकद, एक देसी कट्टा, एक जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। एक अन्य फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है।शनिवार को खजौली स्थित कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में सदर-2 एसडीपीओ कामिनी कौशल ने बताया कि गुरुवार तड़के पशु व्यवसायी मो. नसीम साह अपने पिता के साथ पशु बेचकर पिकअप वाहन से घर लौट रहे थे।

इसी दौरान पिरही नहर के समीप दो मोटरसाइकिलों पर सवार करीब पांच हथियारबंद अपराधियों ने उनका रास्ता रोक लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने व्यवसायी के सिर पर हथियार के बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और पिकअप में रखे 4.80 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी योगेंद्र कुमार के निर्देश पर एसडीपीओ कामिनी कौशल के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। तकनीकी अनुसंधान और पूछताछ के दौरान पुलिस ने पहले पिकअप चालक को हिरासत में लिया। चालक से मिली अहम जानकारी के आधार पर पुलिस ने पूरे गिरोह तक पहुंचते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अपराधियों की पहचान मो. सरफराज, मो. छोटू उर्फ साढ़ू, मो. आवेद उर्फ भोल्टा और मो. रिजवान उर्फ सल्लू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों का विभिन्न थानों में पहले से आपराधिक इतिहास रहा है। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी है और पूरे गिरोह की गतिविधियों की भी गहन जांच की जा रही है।















