समस्तीपुर, 15 जुलाई (हर्षिता “अश्क”) युवा शक्ति को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मेरा युवा भारत (माय भारत), युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में समाहरणालय परिसर में जिला सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह ने की। इसमें आगामी एक माह के भीतर जिले के दो लाख से अधिक युवाओं को माय भारत अभियान से जोड़ने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया गया। बैठक में जिला युवा अधिकारी सह समिति की सचिव सुश्री विजेता मजूमदार ने माय भारत के तहत संचालित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी पीपीटी प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी।

उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य युवाओं को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें प्रशिक्षण, रोजगारोन्मुखी अवसर और विभिन्न विकास कार्यक्रमों का लाभ उपलब्ध कराना है। बैठक में जीएम डीआईसी सह जिला खेल पदाधिकारी विवेक कुमार शर्मा, जिला नियोजन पदाधिकारी राहुल आनंद, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी जूही कुमारी, एलडीएम कार्यालय से उदय शंकर, जिला गंगा समिति के डीपीओ नीरजेश कुमार, समस्तीपुर कॉलेज की एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. शालिनी कुमारी भवांशिका तथा मणिभूषण ठाकुर सहित कई अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

बैठक के दौरान समिति के सभी सदस्यों ने अपने-अपने सुझाव दिए और अभियान को गांव-गांव तक पहुंचाने पर जोर दिया। अधिकारियों ने युवाओं को अधिक से अधिक संख्या में माय भारत पोर्टल से जोड़ने, उन्हें कौशल विकास, स्वयंसेवा, रोजगार और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए समन्वित प्रयास करने का निर्णय लिया। प्रशासन का मानना है कि यह अभियान जिले के युवाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।













