समस्तीपुर, 25 अगस्त (हर्षिता “अश्क”) जिले में एनीमिया के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने अब निर्णायक अभियान शुरू कर दिया है। बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग की ओर से चलाए जा रहे ‘एनीमिया मुक्त बिहार’ विशेष अभियान का मंगलवार को भव्य शुभारंभ हुआ। राज्यस्तरीय कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस अवसर पर सदर अस्पताल समस्तीपुर के सभागार में कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया, जिसमें जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। जिलास्तरीय कार्यक्रम का संचालन जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा की अध्यक्षता में हुआ। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक और जिला प्रशासन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

राज्यस्तरीय कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जिलाधिकारी ने अभियान की तैयारियों और कार्ययोजना को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन समेत सभी संबंधित अधिकारियों को अभियान को प्रभावी तरीके से धरातल पर उतारने का निर्देश दिया। उन्होंने जिले के सभी प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर महिलाओं, गर्भवती माताओं, किशोरियों और बच्चों की नियमित एवं सघन स्वास्थ्य जांच सुनिश्चित करने को कहा।एनीमिया से पीड़ित पाए जाने वाले लोगों को आयरन और फॉलिक एसिड की गोलियां समेत आवश्यक दवाएं बिना किसी बाधा के उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।
स्वास्थ्य केंद्रों पर दवा की उपलब्धता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया। अभियान के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य कर्मियों के माध्यम से लोगों को संतुलित खान-पान और पोषण के महत्व के प्रति जागरूक किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य केवल बीमारी की पहचान करना ही नहीं, बल्कि एनीमिया की रोकथाम के लिए लोगों की जीवनशैली और खान-पान में आवश्यक सुधार लाना भी है।

अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग (ICDS) तथा शिक्षा विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि समस्तीपुर को एनीमिया मुक्त बनाने के लिए उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल किया जाएगा।














