पटना, 17 जुलाई (अविनाश कुमार) बिहार सरकार ने अधिक से अधिक पात्र लोगों तक राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए बड़ा कदम उठाने की घोषणा की है। खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने गुरुवार को कहा कि राज्य सरकार यह सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है कि कोई भी पात्र परिवार सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। इसके लिए जल्द ही पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे और पंचायत प्रतिनिधियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।

जदयू प्रदेश कार्यालय में आयोजित जन-सुनवाई कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए अशोक चौधरी ने कहा कि विशेष शिविरों के माध्यम से पात्र लोगों के राशन कार्ड से जुड़े मामलों का त्वरित निष्पादन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि जरूरतमंद परिवारों तक सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचे। इस दौरान समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता भी मौजूद रहीं। बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर पूछे गए सवाल पर अशोक चौधरी ने कहा कि वहां एनडीए की प्रचंड जीत सुनिश्चित है। वहीं बंटी यादव हत्याकांड पर उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर और सख्त है।

अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा रही है तथा किसी भी दोषी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।उन्होंने ‘एक देश-एक चुनाव’ की व्यवस्था का समर्थन करते हुए कहा कि इससे बार-बार चुनाव कराने में होने वाले अनावश्यक खर्च में कमी आएगी, प्रशासनिक संसाधनों का बेहतर उपयोग होगा और विकास कार्यों की गति लगातार बनी रहेगी। समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता ने बताया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि अधिकांश लाभार्थियों के खातों में भेज दी गई है। जिन लोगों के जीवन प्रमाणीकरण (लाइफ सर्टिफिकेट) में तकनीकी या अन्य कारणों से समस्या आई है, उनके मामलों का विभाग गंभीरता से निराकरण कर रहा है। प्रत्येक मामले का व्यक्तिगत स्तर पर सत्यापन किया जा रहा है और सभी पात्र लाभार्थियों के खातों में जल्द ही पेंशन की राशि हस्तांतरित कर दी जाएगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी पात्र लाभार्थी को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।














