नालंदा, 04 जुलाई (अविनाश पांडेय) नालंदा में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामले में बदमाशों ने एक युवक को फोन कर घर से बुलाया और सुनियोजित तरीके से चाकू व धारदार हथियारों से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने मुढारी के समीप शव रखकर एनएच-20 को करीब दो घंटे तक जाम कर दिया, जिससे दोनों ओर लगभग एक किलोमीटर लंबी वाहनों की कतार लग गई। पुलिस अधिकारियों द्वारा आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन मिलने के बाद जाम समाप्त कराया गया। मृतक की पहचान चेरण गांव निवासी सोनू कुमार (37) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10:15 बजे सोनू के मोबाइल पर एक कॉल आया। कॉल करने वाले ने जरूरी काम का बहाना बनाकर उसे शिवाजी मोहल्ले की ओर बुलाया। इसके कुछ देर बाद रात 11 से 11:30 बजे के बीच सोनू के ही मोबाइल से एक महिला ने घर पर फोन कर बताया कि वह खून से लथपथ पड़ा है और उसका एक्सीडेंट हो गया है।मृतक की बहन अर्चना सिन्हा ने बताया कि कुछ देर बाद पुलिस का भी फोन आया। जब परिवार घटनास्थल पर पहुंचा तो सोनू गंभीर रूप से घायल पड़ा था। उसके शरीर पर चाकू और धारदार हथियार के कई गहरे जख्म थे, जबकि सिर पर भी बेरहमी से वार किए गए थे। परिजनों का आरोप है कि यह सड़क हादसा नहीं, बल्कि पहले से रची गई साजिश के तहत की गई हत्या है।

स्थानीय लोगों की मदद से घायल सोनू को पहले कल्याणबीघा अस्पताल, फिर बिहारशरीफ सदर अस्पताल और बाद में पीएमसीएच रेफर किया गया। शनिवार तड़के करीब 3:30 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतक का मोबाइल जब्त कर अंतिम कॉल की जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
















