मुजफ्फरपुर, 06 जुलाई (संतोष गुप्ता) काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र के माड़ीपुर सर्किट हाउस के समीप रविवार को हुए सनसनीखेज अपहरण कांड का पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अपहृत युवक आयुष कुमार को सकुशल बरामद कर लिया, जबकि वारदात में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त थार वाहन भी जब्त कर लिया है, जिस पर छात्र राजद जिला सचिव का बोर्ड और पार्टी का झंडा लगा हुआ था। नगर एएसपी-1 सुरेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान कांटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर चकमुरमुर निवासी मो. रहमान हुसैन के रूप में हुई है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवक के अपहरण के पीछे पुराना आपसी विवाद और कथित प्रेम संबंध को लेकर चल रहा विवाद मुख्य कारण था। जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े तीन बजे औराई थाना क्षेत्र के शाही मीनापुर निवासी आयुष कुमार का माड़ीपुर सर्किट हाउस के पास से थार सवार लोगों ने कथित रूप से अपहरण कर लिया था। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिलेभर में घेराबंदी कर सघन वाहन जांच और छापेमारी अभियान शुरू किया गया। पुलिस की सक्रियता और गिरफ्तारी के डर से अपहरणकर्ताओं ने युवक के साथ मारपीट करने के बाद उसे चांदनी चौक के समीप छोड़ दिया।

घायल अवस्था में मिले आयुष को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर गठित पुलिस टीम ने सरैया थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी मो. रहमान हुसैन को गिरफ्तार कर लिया तथा घटना में प्रयुक्त थार वाहन जब्त कर लिया। पीड़ित के आवेदन पर काजीमोहम्मदपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वहीं राजद जिलाध्यक्ष रमेश गुप्ता ने गिरफ्तार आरोपी के पार्टी से जुड़े होने के दावे से इनकार किया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा कर रही है।















