दरभंगा, 19 जुलाई (अजय राय) जिले के कुशेश्वरस्थान पूर्वी थाना क्षेत्र में शनिवार देर शाम एसएच-56 पर धबौलिया पुल के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार बुलेट बाइक पहले से सड़क किनारे खड़ी ट्रक के पीछे जा घुसी, जिससे बाइक पर सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के एक जवान भी शामिल हैं। हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने कुशेश्वरस्थान-दरभंगा मुख्य मार्ग (एसएच-56) को जाम कर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार शनिवार रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच तीनों युवक बुलेट बाइक से धबौलिया से कुशेश्वरस्थान की ओर जा रहे थे।

धबौलिया पुल के पास पहले से खड़ी एक ट्रक के पीछे उनकी बाइक तेज रफ्तार में जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए तीनों को करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित कुशेश्वरस्थान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. मोहम्मद सोहराब ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।कुशेश्वरस्थान थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद ने बताया कि मृतकों की पहचान बड़गांव निवासी भारतीय सेना के जवान अखिलेश आनंद, धबौलिया निवासी 38 वर्षीय पंकज राय तथा केवटगामा पंचायत के भरडीहा निवासी 30 वर्षीय बादल यादव के रूप में हुई है। अखिलेश आनंद छुट्टी पर अपने घर आए हुए थे।

जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातम पसर गया।घटना की सूचना पर बिरौल एसडीपीओ प्रभाकर तिवारी, थानाध्यक्ष गौरव प्रसाद तथा आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया तथा दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को जब्त कर लिया। हालांकि ट्रक चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पुलिस अधिकारियों के समझाने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद सड़क जाम हटाने की प्रक्रिया शुरू कराई गई।













