• Home
  • मुख्य समाचार
  • ई-म्यूटेशन में सुस्ती पर सात CO पर गिरी गाज: वेतन पर लगी रोक, डीएम साहिला का सख्त एक्शन, लापरवाही पर अफसरों में हड़कंप
Image

ई-म्यूटेशन में सुस्ती पर सात CO पर गिरी गाज: वेतन पर लगी रोक, डीएम साहिला का सख्त एक्शन, लापरवाही पर अफसरों में हड़कंप

बक्सर, 01 सितंबर (विक्रांत) जिला समन्वय समिति की बैठक में सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने कड़ा रुख अपनाया। सोमवार, 31 अगस्त को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में हुई बैठक में राजस्व समेत विभिन्न विभागों के कार्यों की समीक्षा के दौरान लापरवाही सामने आने पर कई अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बैठक में स्पष्ट कर दिया गया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में ढिलाई किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।राजस्व कार्यों की समीक्षा के दौरान ई-म्यूटेशन की खराब प्रगति पर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई। बार-बार निर्देश के बावजूद अपेक्षित उपलब्धि नहीं मिलने पर इटाढ़ी, राजपुर, नावानगर, चक्की, चौगाई, चौसा और ब्रह्मपुर के अंचलाधिकारियों से कारण-पृच्छा करने तथा अगले आदेश तक वेतन स्थगित रखने का निर्देश दिया गया।

सभी संबंधित अधिकारियों को एक सप्ताह के भीतर निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने को कहा गया।वहीं, परिमार्जन प्लस की समीक्षा में बक्सर अंचल की प्रगति बेहद धीमी पाई गई। पूर्व में निर्देश दिए जाने के बावजूद स्थिति में सुधार नहीं होने पर बक्सर के अंचलाधिकारी से भी कारण-पृच्छा करते हुए अगले आदेश तक वेतन स्थगित रखने का निर्देश दिया गया। राजस्व महाअभियान में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन में भी असंतोषजनक स्थिति सामने आई। अपर समाहर्ता को लापरवाही बरतने वाले अंचलाधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। पंचायत विकास दिवस में अधिकारियों की अनुपस्थिति पर भी डीएम ने गंभीरता दिखाई। उप विकास आयुक्त को अनुपस्थित पदाधिकारियों से कारण-पृच्छा करते हुए प्रत्येक माह के अंतिम रविवार को आयोजित शिविर में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा गया।

पंचायत सहयोग शिविरों को लेकर भी व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश दिया गया, ताकि आम लोगों और जनप्रतिनिधियों को इसका पूरा लाभ मिल सके। शिक्षा विभाग की समीक्षा में सभी विद्यालयों में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय सहित मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया। दीपावली तक विद्यालयों में रंग-रोगन पूरा कराने और हर माह के अंतिम शनिवार को शिक्षक-अभिभावक बैठक अनिवार्य रूप से आयोजित करने को कहा गया।डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल जाने वाली सड़क के किनारे मरम्मत के लिए रखी ईंटों से आवागमन प्रभावित होने पर भी डीएम ने नाराजगी जताई। काम में लापरवाही पर एसडीओ डुमरांव को संबंधित सहायक अभियंता और कनीय अभियंता के विरुद्ध न्यायसंगत धाराओं में कार्रवाई का निर्देश दिया गया। इसके अलावा बक्सर नगर परिषद क्षेत्र की बाईपास सड़क के समतलीकरण और चौड़ीकरण, लोक शिकायत से जुड़े अतिक्रमण मामलों में अनुपालन, कृषक निबंधन लक्ष्य पूरा करने तथा गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटीय क्षेत्रों की लगातार निगरानी का निर्देश दिया गया। टीबी मरीजों को फूड बास्केट उपलब्ध कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

Releated Posts

बिहार को पुलिस राज्य बनाने की साजिश: तेजस्वी का NDA पर हमला, पत्रकार उत्पीड़न से आरक्षण तक सरकार को घेरा

पटना, 01 सितंबर (अविनाश कुमार) राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी…

बगहा में बेटियों के जन्म पर बजेगी खुशियों की घंटी, अस्पताल में नवजात बेटियों के माता-पिता को मिलेगा सम्मान पत्र

बेतिया, 01 सितंबर (विनयनकुम गुप्ता) पश्चिम चम्पारण के बगहा में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ अभियान को जन-जन तक…

स्कूल में डीएम ने खुद चखा मिड-डे मील: खुली बदइंतजामी की पोल, कम उपस्थिति और गंदगी पर प्रधानाध्यापक से जवाब तलब

बक्सर, 30 अगस्त (विक्रांत) जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने प्राथमिक विद्यालय उमरपुर (बालक) एवं (बालिका) का निरीक्षण कर…

कविवर यदुनंदन रसिक की याद में गूंजा साहित्य का स्वर: 21वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, प्रभात पुस्तकालय को फिर संवारने की पहल

समस्तीपुर, 30अगस्त (रामबालक राय) प्रभात पुस्तकालय के संस्थापक एवं कविवर यदुनंदन रसिक की 21वीं पुण्यतिथि पर जितवारपुर स्थित…

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top