पटना, 30 जून (पटना डेस्क) गोपालगंज जिले के कुचायकोट थाना क्षेत्र के शेरपुर गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतका की पहचान वीरेंद्र प्रसाद की पत्नी रीना देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।परिजनों के अनुसार रीना देवी को पिछले कुछ दिनों से कंधे में दर्द की शिकायत थी। इलाज के लिए वह बाजार स्थित एक जेनेरिक दवा दुकान पर गई थीं, जहां उन्हें दवा देने के साथ इंजेक्शन भी लगाया गया।

आरोप है कि इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। घबराए परिजन उन्हें तत्काल कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद मृतका के पति वीरेंद्र प्रसाद ने दवा और इंजेक्शन पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि इंजेक्शन लगने के तुरंत बाद पत्नी की हालत बिगड़ी और कुछ ही समय में उनकी मौत हो गई। उनका आरोप है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए।इधर, मृतका के पिता रामेश्वर प्रसाद ने मामले को नया मोड़ देते हुए आरोप लगाया कि उनकी बेटी के साथ ससुराल में अक्सर मारपीट और गाली-गलौज की जाती थी।

उन्होंने बताया कि इसको लेकर गांव में कई बार पंचायत भी हुई थी। उन्होंने पुलिस से सभी पहलुओं की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।घटना की सूचना मिलते ही कुचायकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। थानाध्यक्ष सुमन कुमार दर्पण ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही वास्तविक स्थिति सामने आएगी। फिलहाल पुलिस दवा, इंजेक्शन और पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।













