बक्सर, 25 अगस्त (विक्रांत) छात्राओं की समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को सीधे प्रशासन तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को डॉ. भीमराव अंबेडकर बालिका छात्रावास, कोईरपुरवा में विद्यार्थी सहयोग शिविर का शुभारंभ किया गया। जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर श्री शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर शिविर की शुरुआत की। अधिकारियों के छात्रावास पहुंचने से छात्राओं में भी उत्साह देखने को मिला।शिविर के दौरान जिला पदाधिकारी ने छात्राओं को विद्यार्थी सहयोग शिविर के उद्देश्य और इसकी उपयोगिता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों की समस्याओं और सुझावों को दर्ज कराने के लिए पोर्टल पर सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

छात्राएं अपनी शैक्षणिक, छात्रावास से जुड़ी अथवा अन्य समस्याओं को शिकायत के रूप में दर्ज करा सकती हैं। प्रशासन की ओर से प्राप्त शिकायतों पर आवश्यक कार्रवाई करने का प्रयास किया जाएगा।कार्यक्रम के दौरान छात्रावास में मौजूद छात्राओं ने जिला पदाधिकारी के समक्ष अपने-अपने सुझाव और समस्याएं रखीं। छात्राओं को अपनी बात खुलकर रखने का अवसर मिला। जिला प्रशासन की ओर से छात्राओं की बातों को गंभीरता से सुना गया और संबंधित विषयों पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया गया। वहीं, पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने छात्राओं को ‘साइबर मंगलवार’ के संबंध में विस्तृत जानकारी दी।

उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सावधानी और डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर जागरूक किया। छात्राओं से साइबर सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने और किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचित करने की अपील की गई। प्रशासन की ओर से केवल कोईरपुरवा छात्रावास तक ही कार्यक्रम सीमित नहीं रहा। डॉ. अंबेडकर कल्याण छात्रावास, 11 नंबर लख, बक्सर में भी विद्यार्थी सहयोग शिविर का आयोजन किया गया।

इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने के लिए प्रभावी मंच उपलब्ध कराना रहा। विद्यार्थी सहयोग शिविर को लेकर प्रशासन का जोर शिकायतों के त्वरित समाधान और छात्र-छात्राओं के लिए बेहतर शैक्षणिक एवं आवासीय वातावरण तैयार करने पर है। अधिकारियों की इस पहल से छात्राओं में अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर उम्मीद जगी है।














