बक्सर, 24 अगस्त (विक्रांत) डुमरांव समेत आसपास के दर्जनों इलाकों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। 132/33 केवी डुमरांव ग्रिड उपकेंद्र में नव अधिष्ठापित 80 एमवीए पावर ट्रांसफार्मर में अचानक खराबी आने के बाद विद्युत आपूर्ति क्षमता बुरी तरह प्रभावित हुई है। इसके कारण डुमरांव, सिमरी, चक्की, केसठ, नावानगर, प्रतापसागर, दलसागर, एकरासी, मुरार, कोरान सराय, चौगाईं और ढकाईच समेत आसपास के क्षेत्रों में बिजली संकट गहरा गया है।कार्यपालक अभियंता, विद्युत आपूर्ति प्रमंडल बक्सर से प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रांसफार्मर में आई तकनीकी खराबी के कारण ग्रिड की क्षमता में भारी कमी आई है। डुमरांव ग्रिड की कुल क्षमता 80×1+50×1 एमवीए है। वहीं, ग्रिड क्षेत्र में बिजली की अधिकतम मांग करीब 100 मेगावाट तक पहुंच जाती है।
ऐसे में 80 एमवीए के पावर ट्रांसफार्मर के खराब होने से उपलब्ध क्षमता घटकर काफी कम हो गई है।वर्तमान स्थिति में डुमरांव ग्रिड अधिकतम करीब 45 मेगावाट तक ही बिजली की आपूर्ति कर पा रहा है। यानी क्षेत्र की अधिकतम मांग की तुलना में उपलब्ध बिजली आधे से भी कम रह गई है। मांग और आपूर्ति के बीच भारी अंतर के कारण अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।ट्रांसफार्मर में खराबी के बाद विभाग के सामने सबसे बड़ी चुनौती सीमित संसाधनों में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की विद्युत जरूरतों को पूरा करना है। बिजली आपूर्ति प्रभावित होने से आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ व्यवसाय, छोटे उद्योग, सिंचाई और अन्य जरूरी सेवाओं पर भी असर पड़ सकता है।

विद्युत विभाग की तकनीकी टीम खराबी को दूर करने की दिशा में काम कर रही है। विभाग की ओर से उपलब्ध संसाधनों के आधार पर अधिकतम संभव बिजली आपूर्ति बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, ट्रांसफार्मर के पूरी तरह दुरुस्त होने तक डुमरांव और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति को लेकर संकट बने रहने की आशंका है।














