समस्तीपुर, 17 अगस्त (हर्षिता “अश्क”) जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा के निर्देश पर सोमवार को समाहरणालय परिसर में आयोजित जनता दरबार में जिले के विभिन्न इलाकों से पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याओं का पिटारा अधिकारियों के सामने खोल दिया। अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में बड़ी संख्या में नागरिकों ने आवेदन देकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की गुहार लगाई।जनता दरबार में सबसे अधिक मामले भूमि विवाद, राजस्व, दाखिल-खारिज और अतिक्रमण से जुड़े सामने आए। इसके अलावा पेंशन, राशन, आवास, सड़क, बिजली तथा नल-जल जैसी मूलभूत सुविधाओं से संबंधित शिकायतें भी लोगों ने अधिकारियों के समक्ष रखीं।

फरियादियों ने अपनी समस्याओं से जुड़े आवेदन सौंपते हुए नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने की मांग की।अपर समाहर्ता ब्रजेश कुमार ने लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवेदनों की जांच कर त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों के निष्पादन में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को आवेदकों को नियमानुसार ससमय राहत उपलब्ध कराने की हिदायत दी गई।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का पारदर्शी और समयबद्ध समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन पर संबंधित विभाग द्वारा की जा रही कार्रवाई की नियमित समीक्षा करने का भी निर्देश दिया गया।अपर समाहर्ता ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों की जांच पूरी गंभीरता और निष्पक्षता से की जाए। साथ ही, आवेदनों पर की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि शिकायतों के निष्पादन की स्थिति स्पष्ट रूप से सामने आ सके।

जनता दरबार में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे। प्रशासन की इस पहल से फरियादियों को उम्मीद जगी कि उनकी समस्याओं पर अब विभागीय स्तर पर तेजी से कार्रवाई होगी और उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल सकेगी।














