बक्सर, 26 जुलाई (विक्रांत) कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय, अहिरौली में भाजपा पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के तत्वावधान में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में देश की सीमाओं की रक्षा कर मातृभूमि का गौरव बढ़ाने वाले वीर पूर्व सैनिकों को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह की अध्यक्षता पूर्व सैनिक संघ के अध्यक्ष प्रेम प्रकाश तिवारी ने की, जबकि संचालन राजकुमार कुंवर ने किया। कार्यक्रम का वातावरण राष्ट्रभक्ति और सैनिक सम्मान की भावना से ओतप्रोत रहा।

मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश भुवन ने अपने संबोधन में कारगिल के अमर शहीदों और देश के वीर सैनिकों को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि भारतीय सेना का शौर्य, पराक्रम और त्याग देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा भी था जब देश विरोधी शक्तियों द्वारा सेना के प्रति उपेक्षा और उपहास का वातावरण बनाने का प्रयास किया गया, जिससे राष्ट्र की क्षत्रिय शक्ति को कमजोर करने का षड्यंत्र रचा गया। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय सेना के सम्मान, आत्मविश्वास और स्वाभिमान को नई पहचान मिली है।

उन्होंने कहा कि आज भारतीय सेना विश्व की सबसे सशक्त और आधुनिक सेनाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रही है। सरकार ने सैनिकों के मनोबल को बढ़ाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं, जिनसे देश का गौरव और सुरक्षा दोनों सुदृढ़ हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों का अभिनंदन करते हुए उन्हें अंगवस्त्र भेंट किए गए। वक्ताओं ने कहा कि सैनिकों का सम्मान केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति उनके अमूल्य योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का माध्यम है।

समारोह में पूर्व सैनिक हरेंद्र तिवारी, विद्यासागर चौबे, आरबी सिंह, धनंजय दुबे, बी. पांडे, सुरेंद्र सिंह, रामनाथ सिंह, संजय पाठक, अलख नारायण श्रीवास्तव, तारकेश्वर पांडे, रितेश पांडे सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय और वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ हुआ।

















