नालंदा, 19 जुलाई (अविनाश पांडेय) कतरीसराय थाना क्षेत्र के दरवेशपुरा गांव में चोरों ने एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये की चोरी की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। बेखौफ बदमाश घर के ताले तोड़कर करीब 15 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, कीमती सामान और 60 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।जानकारी के अनुसार, दरवेशपुरा निवासी शंभू शरण सिंह, जो पेशे से अधिवक्ता हैं, अपने परिवार के साथ बिहारशरीफ में रहकर वकालत करते हैं। उनका पैतृक मकान गांव में बंद रहता है। शनिवार को कोर्ट का कार्य समाप्त करने के बाद जब वह अपने गांव स्थित घर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

मुख्य दरवाजे समेत कई कमरों के ताले टूटे हुए थे और घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था।पीड़ित अधिवक्ता ने बताया कि चोरों ने गोदरेज अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे सोने-चांदी के कीमती आभूषण, महंगे कपड़े और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। प्रारंभिक आकलन के अनुसार चोरी गई संपत्ति की कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।वारदात की जानकारी मिलने पर कतरीसराय थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे घर का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की और साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित के आवेदन के आधार पर अज्ञात चोरों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही चोरी की इस बड़ी वारदात का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और अपराधियों पर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।


















