पटना, 19 जुलाई (अविनाश कुमार) राजधानी पटना में यातायात नियमों का पालन कराने वाली पुलिस अब खुद सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो को लेकर सवालों के घेरे में आ गई है। इंटरनेट पर तेजी से फैल रहे इस वीडियो में एक ही बाइक पर चार पुलिसकर्मी सवार दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आते ही लोगों ने पुलिस के दोहरे रवैये पर सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं और सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। दरअसल, आम नागरिकों के खिलाफ बिना हेलमेट वाहन चलाने, ट्रिपल लोडिंग, सीट बेल्ट नहीं लगाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर रोजाना कार्रवाई करने वाली पुलिस के जवान ही इस बार नियमों की अनदेखी करते नजर आए।

वायरल वीडियो में बाइक चला रहा पुलिसकर्मी हेलमेट पहने दिखाई देता है, जबकि उसके पीछे तीन महिला पुलिसकर्मी बैठी हुई हैं। किसी भी महिला पुलिसकर्मी ने हेलमेट नहीं पहन रखा है। इस तरह एक ही बाइक पर कुल चार लोगों का सवार होना मोटर वाहन नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना जाता है।बताया जा रहा है कि वीडियो में दिख रही बाइक का नंबर पटना का है। हालांकि, यह वीडियो कब का है और किस परिस्थिति में बनाया गया, इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह दृश्य पाटलिपुत्र स्टेशन के आसपास का है, लेकिन इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाने शुरू कर दिए।

एक यूजर ने व्यंग्य करते हुए लिखा, “चार पुलिसकर्मी एक बाइक पर थे। कानून भी साथ चलना चाहता था, लेकिन जगह ही नहीं बची।” वहीं कई अन्य यूजर्स ने पूछा कि जब आम लोगों पर ट्रिपल लोडिंग के लिए भारी जुर्माना लगाया जाता है, तो क्या इस मामले में संबंधित पुलिसकर्मियों पर भी समान कार्रवाई होगी?फिलहाल इस पूरे मामले पर बिहार पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। न तो वीडियो की सत्यता की पुष्टि हुई है और न ही इसमें दिख रहे पुलिसकर्मियों की पहचान सार्वजनिक की गई है। बावजूद इसके, वायरल वीडियो ने कानून के समान पालन, जवाबदेही और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर नई बहस छेड़ दी है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस प्रशासन इस मामले में क्या रुख अपनाता है और क्या नियम तोड़ने वालों पर समान रूप से कार्रवाई होती है।













