बेगूसराय, 19 जुलाई (धरम कुमार) बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को एक दिवसीय आधिकारिक दौरे पर बेगूसराय पहुंचेंगे। इस दौरान वे राज्य की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देने वाली बड़ी पहल के तहत प्रदेशभर के 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालयों) का एक साथ लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं और कार्यक्रम स्थल से लेकर पूरे आवागमन मार्ग तक कड़ी निगरानी रखी जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री पटना से रवाना होकर दोपहर करीब 12 बजे बेगूसराय के गांधी स्टेडियम स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वे सीधे बीपी इंटर स्कूल जाएंगे, जहां अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त 551 आदर्श विद्यालयों का उद्घाटन करेंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री विद्यालय परिसर में उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों और आधारभूत सुविधाओं का भी निरीक्षण करेंगे तथा शिक्षा व्यवस्था को और सशक्त बनाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराएंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री आइओसीएल बरौनी स्टेडियम पहुंचेंगे, जहां विशाल जनसभा एवं जनसंवाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। अपने संबोधन में वे राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास परियोजनाओं और शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार तथा आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों की जानकारी जनता के साथ साझा करेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने विशेष तैयारियां की हैं।

मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर गांधी स्टेडियम, बीपी इंटर स्कूल, आइओसीएल बरौनी परिसर तथा आसपास के क्षेत्रों सहित पूरे निर्धारित मार्ग को ‘नो ड्रोन फ्लाइंग जोन’ घोषित कर दिया गया है। इन इलाकों में किसी भी प्रकार के ड्रोन, मानवरहित हवाई यान (यूएवी) अथवा रिमोट संचालित उड़ान उपकरण के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। जिला पदाधिकारी श्रीकांत शास्त्री ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया है। अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को विशेष निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर पूरे जिले में उत्साह और प्रशासनिक सतर्कता चरम पर है।













