समस्तीपुर, 18 जुलाई (हर्षिता “अश्क”) समस्तीपुर रेलवे स्टेशन से तीन वर्षीय मासूम के अपहरण के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 72 घंटे बाद बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। हालांकि, अपहरणकर्ता अब भी फरार है और उसकी पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज व मोबाइल टावर डंप की मदद से जांच तेज कर दी गई है।जानकारी के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को उजियारपुर थाना क्षेत्र के मालती वार्ड संख्या-09 निवासी कंचन देवी अपने तीन वर्षीय पुत्र केतन कुमार के साथ समस्तीपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर पहुंचीं। यात्रा की थकान के कारण वह यात्री बेंच पर सो गईं, जबकि मासूम पास में खेल रहा था।

इसी दौरान 40 से 50 वर्ष का एक अज्ञात व्यक्ति बच्चे को कुरकुरे का लालच देकर गोद में उठाकर वहां से फरार हो गया।जब कंचन देवी की नींद खुली तो बच्चा गायब था। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर उन्होंने 16 जुलाई को रेल थाना समस्तीपुर में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 17 जुलाई की शाम सूचना मिली कि सिंघियाघाट के पास भरपुरा बगीचा में एक मासूम लावारिस हालत में मिला है।

स्थानीय लोगों ने बच्चे की सूचना पुलिस को दी। फोटो परिजनों को भेजा गया, जिन्होंने उसकी पहचान केतन कुमार के रूप में की। इसके बाद जीआरपी, आरपीएफ और विभूतिपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।पुलिस ने बच्चे को सुरक्षित अपने संरक्षण में रखा है।

न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद उसे विधिवत उसके माता-पिता को सौंपा जाएगा। वहीं, अपहरणकर्ता की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास जारी है।

















