पटना, 03 जुलाई (पटना डेस्क) भागलपुर में बिल्डर बजरंग कुमार की नृशंस हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। तिलकामांझी थाना के ठीक सामने स्थित उनके कार्यालय में हुई इस वारदात का तरीका शुरुआती जांच में गहरी व्यक्तिगत रंजिश की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से मिले साक्ष्य बताते हैं कि हत्या से पहले कार्यालय में शराब पार्टी हुई थी। मौके से शराब के ग्लास बरामद हुए हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हमलावर बजरंग के करीबी थे और बिना किसी संदेह के उनके साथ कार्यालय में बैठे थे।जांच में सामने आया है कि हत्या बेहद क्रूर तरीके से की गई। शव निर्वस्त्र अवस्था में मिला तथा गले, हाथ की चार अंगुलियों और गुप्तांग पर धारदार हथियार से गंभीर चोटें पाई गई।

पुलिस का मानना है कि हत्या का उद्देश्य केवल जान लेना नहीं, बल्कि गहरी दुश्मनी का संदेश देना भी हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार करते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच का इंतजार करने की बात कही है। घटनास्थल से न तो कार्यालय का सामान बिखरा मिला और न ही नीचे खड़ी बाइक गायब थी। इससे लूट की आशंका कमजोर पड़ रही है। हालांकि पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कार्यालय में रखी नकदी या जमीन से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज गायब तो नहीं हुए। जांच का फोकस फिलहाल कारोबारी विवाद, रुपये के लेन-देन और व्यक्तिगत रंजिश पर केंद्रित है।

एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने मौके पर पहुंचकर विशेष जांच टीम का गठन किया और 24 घंटे के भीतर मामले के खुलासे का निर्देश दिया। तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।मृतक के पिता दिनेश्वर प्रसाद सिंह ने आरोप लगाया कि पुलिस को तड़के सूचना देने और संभावित आरोपियों के नाम बताए जाने के बावजूद तत्काल कार्रवाई नहीं की गई। वहीं मृतक की पत्नी ने भी कारोबार से जुड़ी पुरानी अदावत का जिक्र करते हुए कुछ लोगों पर संदेह जताया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
















