समस्तीपुर, 02 जुलाई (हर्षिता “अश्क”) जोगबनी–दानापुर एक्सप्रेस में सफर कर रही एक 19 वर्षीय छात्रा चलती ट्रेन से उतरने के प्रयास में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की त्वरित कार्रवाई से छात्रा की जान बच गई। घायल युवती की पहचान सुपौल जिले के करज बाजार निवासी चांदनी कुमारी (19) के रूप में हुई है, जो बीएससी नर्सिंग की छात्रा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन संख्या 13211 से उतरने के दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह प्लेटफॉर्म पर गिर गई। हादसे के बाद वह बेहोश हो गई।

मौके पर मौजूद आरपीएफ के जवानों ने बिना देर किए युवती को रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के बाद युवती को होश आ गया है और डॉक्टरों ने उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है। हादसे में युवती का बैग ट्रेन में ही छूट गया था, जिसे बाद में हाजीपुर में सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

राहत एवं बचाव कार्य का नेतृत्व आरपीएफ के श्याम सुंदर कुमार ने किया। इस दौरान आरपीएफ इंस्पेक्टर अविनाश करोसिया, पी.के. चौधरी समेत अन्य रेलकर्मी मौजूद रहे। रेलवे ने यात्रियों से चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने की कोशिश नहीं करने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।














