समस्तीपुर, 02 जुलाई (हर्षिता “अश्क”) राज्य सरकार के सात निश्चय–3 कार्यक्रम के तहत उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में समस्तीपुर के सिंघिया प्रखंड को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जिन प्रखंडों में अब तक महाविद्यालय की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, वहां राजकीय महाविद्यालय शुरू करने की योजना के तहत सिंघिया में प्रस्तावित कॉलेज की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा ने गुरुवार को महाविद्यालय संचालन के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने महाविद्यालय के लिए चयनित भवन, कक्षाओं, पेयजल, शौचालय, विद्युत आपूर्ति, फर्नीचर, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी आवश्यक तैयारियां तय समय-सीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि विद्यार्थियों को बिना किसी विलंब के गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा का लाभ मिल सके।डीएम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक प्रखंड के विद्यार्थियों, खासकर छात्राओं, को अपने क्षेत्र में ही उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। सिंघिया में राजकीय महाविद्यालय शुरू होने से छात्रों को पढ़ाई के लिए दूर-दराज के शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे समय और आर्थिक खर्च दोनों की बचत होगी तथा क्षेत्र में शिक्षा का स्तर भी बेहतर होगा। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण एवं अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मौके पर उप विकास आयुक्त सूर्य प्रताप सिंह, जिला शिक्षा पदाधिकारी कामेश्वर प्रसाद गुप्ता सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।














