नालंदा, 28 जून (अविनाश पांडेय) शराबबंदी और नशा मुक्ति के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से रविवार को नालंदा में एक प्रेरणादायक अभियान देखने को मिला। मद्य निषेध विभाग, नालंदा एवं भारत स्काउट और गाइड, नालंदा के संयुक्त तत्वावधान में सुबह सात बजे भव्य प्रभात फेरी एवं जन-जागरूकता रैली निकाली गई। शहर की सड़कों पर गूंजते नारों और हाथों में संदेश लिखी तख्तियों के साथ निकली इस रैली ने लोगों का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। रैली में मद्य निषेध विभाग के अधिकारियों के अलावा विभिन्न विद्यालयों के स्काउट, गाइड, स्काउट मास्टर, गाइड कैप्टन, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

प्रतिभागियों ने “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो”, “शराब से दूरी, परिवार में खुशहाली” और “नशा मुक्त बिहार, स्वस्थ बिहार” जैसे प्रेरक नारों के माध्यम से समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए लोगों को नशामुक्त जीवन का संदेश देती रही।मद्य निषेध अधीक्षक लाला अजय कुमार सुमन ने कहा कि नशा समाज के लिए एक गंभीर अभिशाप है, जो धीरे-धीरे परिवार और समाज दोनों को खोखला कर देता है। उन्होंने लोगों से नशे से दूरी बनाकर स्वस्थ और खुशहाल जीवन अपनाने की अपील की। वहीं निरीक्षक नीतीश कुमार ने कहा कि युवाओं की जिम्मेदारी है कि वे नशे की गिरफ्त में आए लोगों को जागरूक करें और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने में सहयोग करें।

रैली के दौरान बिहार सरकार की मद्य निषेध नीति और नशामुक्त समाज के महत्व की भी विस्तार से जानकारी दी गई। भारत स्काउट और गाइड के कोषाध्यक्ष महेश कुमार ने लोगों से शराब एवं अन्य नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। निरीक्षक मुन्ना कुमार और पुष्पा कुमारी ने भी नागरिकों से सरकार के मद्य निषेध अभियान को जन-आंदोलन बनाने का आह्वान किया।इस अवसर पर मद्य निषेध विभाग के अनिल कुमार शाह, मनोज कुमार, सुभाष कुमार, जितेंद्र कुमार सहित भारत स्काउट और गाइड के राजीव नंदन कुमार, समीर कुमार, शशि पाल कुमार, रामाधीन प्रसाद, दीपक कुमार, कुंदन कुमार, अमन कुमार, प्रीति सुमन, धनंजय कुमार, अंकित कुमार, सूरज कुमार, सोनी कुमारी एवं निशु कुमारी सहित अनेक स्वयंसेवक उपस्थित रहे।













