पटना, 10 जून (पटना डेस्क) रोहतास जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने एक दंपती पर दुष्कर्म, अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने तथा मतांतरण के लिए दबाव डालने का गंभीर आरोप लगाया है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष हरि प्रसाद शर्मा ने बताया कि प्राथमिकी में नामजद अभियुक्त एकराम अंसारी (35) और उसकी पत्नी सहीदा बेगम (26) को रामगढ़ बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है तथा मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

पीड़िता द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी के अनुसार, पारिवारिक परिचय और नजदीकी का फायदा उठाकर दंपती ने उसे अपने घर बुलाया। आरोप है कि वहां उसे नशीला पदार्थ पिलाकर बेसुध कर दिया गया। इसी दौरान एकराम अंसारी ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि उसकी पत्नी सहीदा बेगम ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया। युवती का आरोप है कि होश में आने के बाद उसे वीडियो दिखाकर डराया गया और इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी गई। प्राथमिकी में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपितों ने उस पर मतांतरण करने और एकराम अंसारी से विवाह करने का दबाव बनाया।

पीड़िता के अनुसार, दंपती ने यह भी कहा कि विवाह होने पर उन्हें संतान सुख प्राप्त होगा। घटना से आहत युवती किसी तरह अपने घर पहुंची और स्वजनों को पूरी आपबीती सुनाई। इसके बाद स्वजन उसे लेकर रामगढ़ थाना पहुंचे, जहां मामला दर्ज कराया गया।पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। साक्ष्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
















