पटना, 02 मई (अविनाश कुमार) राजधानी में शनिवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब पीरबहोर थाना क्षेत्र के लालबाग में एक अपराधी ने घर में घुसकर दंपती पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में 30 वर्षीय नवाज आलम की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी नाजिया परवीन गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इलाके में इस वारदात के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हमलावर पूरी साजिश के तहत घर में दाखिल हुआ और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। शुरुआती जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि आरोपी चोरी की नीयत से घर में घुसा था और मोबाइल छीनने के दौरान विरोध करने पर उसने चाकू से हमला कर दिया। घटनास्थल का मंजर बेहद भयावह था घर के नीचे से लेकर ऊपर तक खून के छींटे बिखरे मिले। पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाने का काम शुरू कर दिया है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावर की पहचान की जा सके।

मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी ने बताया कि “घटनास्थल पर काफी खून बिखरा हुआ था। प्राथमिक तौर पर लूटपाट के दौरान विरोध करने पर हमला किए जाने की बात सामने आ रही है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच जारी है।” बताया जाता है कि मृतक नवाज आलम एक मॉल में सेल्समैन के रूप में कार्यरत थे। उनके गले पर गहरे जख्म के निशान मिले हैं, जो हमले की क्रूरता को दर्शाते हैं। फिलहाल पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है और जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी का दावा कर रही है। राजधानी में हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

















