
बक्सर, 21 अप्रैल (विक्रांत) बिहार की राजनीति में बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। जिले के चर्चित नेता और चौंगाई प्रखंड के नचाप पंचायत के पूर्व मुखिया वीरेन्द्र सिंह यादव ने राष्ट्रीय जनता दल को छोड़कर जनता दल यूनाइटेड का दामन थाम लिया है। इस कदम को स्थानीय राजनीति में बड़ा झटका माना जा रहा है।

आरा में आयोजित जेडीयू के एक कार्यक्रम के दौरान, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष कुशवाहा की मौजूदगी में वीरेन्द्र सिंह यादव ने अपने दर्जन भर समर्थकों के साथ पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। कार्यक्रम के दौरान उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखा गया।

वीरेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि उन्होंने आरजेडी से इस्तीफा देकर यह फैसला लिया है और उनके साथ कई अन्य जनप्रतिनिधि भी जेडीयू में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि वे अब पार्टी की नीतियों और नेतृत्व से प्रभावित होकर नई राजनीतिक पारी की शुरुआत कर रहे हैं।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस शामिली से बक्सर और आसपास के क्षेत्रों में जेडीयू को मजबूती मिल सकती है, वहीं आरजेडी को स्थानीय स्तर पर नुकसान उठाना पड़ सकता है। इस घटनाक्रम ने आगामी चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाओं को तेज कर दिया है।


















