समस्तीपुर, 10अक्टूबर (मोहम्मद जमशेद) आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को चकमेहसी थाना परिसर में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अनुमंडल पदाधिकारी राकेश कुमार के नेतृत्व में हुई बैठक में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ शांति समिति के सदस्य तथा विभिन्न धार्मिक और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में एसडीओ राकेश कुमार ने सभी से त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा, शांति और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा एकता और खुशहाली का संदेश देने वाला पर्व है। ऐसे में सभी समुदायों को मिल-जुलकर शांतिपूर्ण तरीके से त्योहार मनाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस प्रशासन की ओर से पूजा पंडालों और संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जानकारी दी गई।

शरारती तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस को सतर्क रहने को कहा गया। वहीं, पूजा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जाएंगे। बैठक में शांति समिति के सदस्यों ने क्षेत्र की स्थिति से संबंधित सुझाव दिए और प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया।

उन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों से शांति एवं नियमों का पालन करने की अपील करने की बात कही। अंत में एसडीओ ने सभी का आभार जताते हुए सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की।














