बक्सर, 30 सितंबर (विक्रांत) जिले में संचालित गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियों (NBFC) और माइक्रो फाइनेंस संस्थाओं (MFI) की मनमानी पर प्रशासन ने शिकंजा कसने के संकेत दिए हैं। मंगलवार को समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय कक्ष में अपर समाहर्त्ता-सह-सक्षम प्राधिकार, बक्सर अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में NBFC एवं MFI प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ऋण वसूली से लेकर ग्राहकों को दी जाने वाली जानकारी और संस्थाओं के दस्तावेजों को लेकर कई अहम निर्देश जारी किए गए।अपर समाहर्त्ता ने सभी संस्थाओं को भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

स्पष्ट किया गया कि ऋण वसूली के दौरान किसी भी प्रकार का बल प्रयोग, अनुचित दबाव या अन्य अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसी शिकायत या मामला सामने आने पर संबंधित संस्था के विरुद्ध नियमानुसार विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।बैठक में ऋण ग्राहकों के अधिकारों और पारदर्शिता पर भी विशेष जोर दिया गया। संस्थाओं को निर्देश दिया गया कि ग्राहकों को ब्याज दर, शुल्क, ऋण की शर्तों तथा अन्य संबंधित प्रावधानों की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही अपने कार्यक्षेत्र में सभी गतिविधियों का संचालन कानून के अनुरूप, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से करने को कहा गया।प्रशासन ने NBFC पोर्टल पर संस्थाओं से संबंधित जरूरी सूचनाओं को भी अद्यतन रखने का निर्देश दिया।

इसमें संचालित शाखाओं का स्पष्ट पता, निबंधन प्रमाण-पत्र, Annual Return और Balance Sheet सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों को समय पर अपलोड करना शामिल है। बैठक में अवैध वित्तीय संस्थाओं को लेकर भी प्रशासन ने सतर्कता बरतने को कहा। यदि कोई संस्था बिना अधिकृत अनुमति आम लोगों से राशि जमा कराती है, तो इसकी सूचना अविलंब जिला प्रशासन को देने का निर्देश दिया गया, ताकि संबंधित संस्था के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विधिसम्मत कार्रवाई की जा सके।













