बक्सर, 04 अक्टूबर (विक्रांत) बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना एवं जिला प्रशासन, बक्सर के संयुक्त तत्वावधान में एकलव्य राज्य प्रशिक्षण केंद्र एवं खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर के दल के गठन के लिए खो-खो चयन ट्रायल प्रतियोगिता-2026 का आयोजन रविवार को एमपी उच्च विद्यालय, बक्सर के खो-खो मैदान में किया गया। चयन ट्रायल में खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और जोश के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर, बेगूसराय के 30 तथा खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर, बक्सर के 30 बालक-बालिकाओं सहित कुल 60 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। मैदान पर खिलाड़ियों की गति, चपलता, संतुलन, तकनीकी कौशल और खेल भावना ने मौजूद लोगों का ध्यान आकर्षित किया। चयन ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन कर चयनकर्ताओं के सामने अपनी दावेदारी पेश की।

प्रतियोगिता का उद्घाटन प्रभारी खेल पदाधिकारी-सह-वरीय उप समाहर्ता, बक्सर रवि बहादुर ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल कौशल को निखारने तथा उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। चयन ट्रायल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करने के बाद एकलव्य राज्य प्रशिक्षण केंद्र एवं खेलो इंडिया स्मॉल सेंटर के दल के लिए योग्य एवं प्रतिभावान खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।

चयन से खिलाड़ियों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और आगे की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।जिला प्रशासन की ओर से जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर खेल मंच, प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास जारी है। अधिकारियों का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है, ताकि बक्सर के खिलाड़ी विभिन्न खेलों में जिले का नाम रोशन कर सकें। चयन ट्रायल को इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।














