मुजफ्फरपुर, 03 अक्टूबर (संतोष गुप्ता) गंडक नदी के बढ़ते जलस्तर ने मुजफ्फरपुर और आसपास के इलाकों में बाढ़ की स्थिति को गंभीर कर दिया है। नदी का पानी अब मुख्य सड़कों तक पहुंच गया है, जिससे आवागमन बुरी तरह प्रभावित होने लगा है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मुजफ्फरपुर-छपरा मुख्य मार्ग NH-102 पर यातायात नियंत्रित कर दिया है। अंबारा चौक के पास बैरिकेडिंग कर ट्रक, बस समेत भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। सड़क पर तेज बहाव के बीच सफर करना खतरनाक बताया जा रहा है। प्रशासन के अनुसार, रेवा घाट से आगे सारण जिले के मेकर क्षेत्र में मुख्य सड़क के कई हिस्सों पर करीब तीन से चार फीट तक पानी जमा हो गया है।

कुछ स्थानों पर जलस्तर इससे भी ज्यादा बताया जा रहा है। सड़क के ऊपर तेज धार से पानी बहने के कारण वाहनों के लिए रास्ता पार करना मुश्किल हो गया है। हादसे की आशंका को देखते हुए बड़े वाहनों के परिचालन पर तत्काल रोक लगा दी गई है।अंबारा चौक पर पुलिस का पहराNH-102 पर यातायात नियंत्रण के लिए अंबारा चौक के पास पुलिस बल तैनात किया गया है। बैरिकेडिंग लगाकर ट्रक, बस और अन्य भारी वाहनों को आगे बढ़ने से रोका जा रहा है। लंबी दूरी के वाहनों के लिए मार्ग फिलहाल बंद है। हालांकि, स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए छोटे वाहनों और दोपहिया चालकों को सावधानी के साथ आगे बढ़ने दिया जा रहा है।

बांध टूटने से सड़क पर पहुंचा पानीसरैया SDPO अभिजीत कौर के अनुसार, सारण जिले में गंडक नदी के सुरक्षात्मक बांध के टूटने के बाद बड़ी मात्रा में पानी मुख्य सड़क की ओर पहुंचा है। सड़क के बीचोंबीच पानी का बहाव काफी तेज है। ऐसे में सामान्य यातायात जारी रखना सुरक्षित नहीं है। प्रशासनिक टीमें जलस्तर और स्थिति पर लगातार नजर रख रही हैं। मुजफ्फरपुर-छपरा आवागमन प्रभावितNH-102 पर भारी वाहनों की आवाजाही बंद होने से मुजफ्फरपुर और छपरा के बीच यातायात प्रभावित हुआ है।

बसों और मालवाहक ट्रकों के रुकने से यात्रियों और कारोबारियों की मुश्किल बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से जलमग्न हिस्सों में अनावश्यक आवाजाही से बचने तथा तेज बहाव वाले पानी में जोखिम नहीं लेने की अपील की है।













