बक्सर, 23 सितम्बर (विक्रांत) वामन द्वादशी के मौके पर बक्सर पहुंचे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने जिले के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। बक्सर से भागलपुर तक प्रस्तावित ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का नाम ‘विश्वामित्र पथ’ रखने की घोषणा की गई। यह मार्ग बक्सर से भोजपुर, अरवल, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, जमुई और बांका होते हुए भागलपुर को जोड़ेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से बक्सर सहित कई जिलों के विकास और आवागमन को नई गति मिलेगी।मुख्यमंत्री ने वामन द्वादशी पर बक्सर स्थित वामन भगवान मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्यवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

उन्होंने वामनेश्वर धाम के प्रस्तावित विकास कार्यों के लेआउट प्लान की जानकारी ली और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।इसके बाद मुख्यमंत्री ने ज्योति चौक के समीप कटहिया पुल से सोन नहर कैनाल का निरीक्षण किया। उन्होंने कैनाल में पानी रोकने के लिए वियर निर्माण कराने का निर्देश दिया, ताकि सिंचाई समेत अन्य कार्यों में इसका प्रभावी उपयोग हो सके। चुरामनपुर स्थित पंचायत सरकार भवन परिसर में मुख्यमंत्री ने जीविका भवन का उद्घाटन किया।
करीब 92 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया गया। उन्होंने जीविका समूहों, सहयोग शिविरों, स्वास्थ्य विभाग, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना सहित विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभुकों को सांकेतिक चेक तथा आयुष्मान कार्ड प्रदान किए।

‘कहानी बदलाव की, बदलाव के साक्षी’ कार्यक्रम में जीविका दीदियों ने मुख्यमंत्री से अपने संघर्ष और सफलता की कहानी साझा की। डुमरांव की संध्या देवी ने बताया कि मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना से मिले 10 हजार रुपये से उन्होंने जैविक सब्जी की खेती शुरू की। सिमरी की लीलावती देवी ने सहायता राशि से सिलाई मशीन और भैंस का बच्चा खरीदा। आज उनके पास चार भैंस और किराना दुकान है।मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला रोजगार योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में मदद कर रही है।

उन्होंने बकरी के दूध की सुधा के माध्यम से बिक्री की व्यवस्था विकसित करने और सब्जी उत्पादकों को सहकारिता विभाग से जोड़ने के लिए एमओयू करने का निर्देश दिया। इससे किसानों को गांव के स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने की योजना है।मुख्यमंत्री ने जिला अस्पतालों में मरीजों के समुचित इलाज की व्यवस्था मजबूत करने तथा अनावश्यक रेफर पर रोक लगाने का भी निर्देश दिया।













