समस्तीपुर, 18 अप्रैल (रंजीत कुमार) बिहार में शराबबंदी के बीच पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। विभूतिपुर थाना क्षेत्र के टभका पछियारी टोल स्थित एक सरसों के खेत में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में शराब बरामद की गई है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 70 कार्टून शराब जब्त किया, जिसकी कुल मात्रा 626.760 लीटर बताई जा रही है।

यह कार्रवाई मध निषेध इकाई पटना से मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस टीम ने टभका गांव निवासी राजू झा के सरसों कटे खेत में छापेमारी कर इस अवैध खेप को बरामद किया। मौके से किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

इस मामले में विभूतिपुर थाना में तैनात पुलिस अवर निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह के बयान पर अज्ञात धंधेबाजों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना अध्यक्ष सुनील कुमार झा ने बताया कि मध निषेध अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है और जल्द ही इसमें शामिल लोगों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।
















